
दुर्गूकोंदल : फसल क्षति से परेशान विकासखंड दुर्गूकोंदल के सैकड़ों किसानों ने मंगलवार को जागरूक युवा मंच दुर्गूकोंदल के बैनर तले रैली निकालकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठाई। किसानों ने फसल क्षति का सर्वे कराकर फसल बीमा राशि का भुगतान करने, किसानों का कर्ज माफ करने तथा विकासखंड में तत्काल रोजगारमूलक कार्य शुरू कराने की मांग की। इस संबंध में किसानों ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम तहसीलदार दुर्गूकोंदल को ज्ञापन सौंपा।
रैली में शामिल किसानों एवं जनप्रतिनिधियों जगतराम दुग्गा, जिला पंचायत सदस्य देवलाल नरेटी, दयालू कोर्राम, जनपद सदस्य हेमलता उयके एवं महत्तम दुग्गा ने कहा कि इस वर्ष जून महीने से अपेक्षाकृत कम बारिश होने के कारण खेती-किसानी का काम प्रभावित हुआ। बारिश की कमी के चलते रोपाई और बियासी का कार्य भी पिछड़ गया। इसके बाद धान की फसल में विभिन्न प्रकार की बीमारियां एवं कीट प्रकोप दिखाई देने लगे। किसानों ने फसल बचाने के लिए दवाइयों का छिड़काव किया, जिससे अतिरिक्त खर्च हुआ, इसके बावजूद फसल को अपेक्षित रूप से बचाना कठिन रहा।

किसानों ने मांग की कि राजस्व एवं कृषि विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का तत्काल सर्वे कराया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित करने की प्रक्रिया की जाए। किसानों का कहना है कि प्रत्येक वर्ष वे फसल बीमा करवाते हैं और सामान्य फसल होने पर बीमा राशि की मांग नहीं करते, लेकिन इस वर्ष फसल प्रभावित होने के कारण उन्हें बीमा योजना का लाभ मिलना चाहिए।
रोजगारमूलक कार्य शुरू करने की मांग
जागरूक युवा मंच के कार्यकर्ता दीपक कल्लो, विजय कोमरा, मुकेश गावड़े एवं अश्वन कोमरा ने बताया कि किसानों ने मजदूर लगाकर रोपाई की और धान का बीज खरीदकर खेती में राशि खर्च की। पर्याप्त पानी नहीं मिलने तथा फसल में बीमारी एवं कीट प्रकोप बढ़ने से किसानों की लागत बढ़ गई। उनका कहना है कि किसानों ने फसल बचाने के लिए लगातार दवाइयों का उपयोग किया, लेकिन अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी।
किसानों ने कहा कि क्षेत्र में कृषि कार्य प्रभावित होने से ग्रामीण परिवारों के सामने रोजगार और आर्थिक परेशानी की स्थिति भी बन रही है। इसलिए विकासखंड दुर्गूकोंदल में तत्काल रोजगारमूलक कार्य प्रारंभ किए जाने की मांग की गई है, ताकि प्रभावित ग्रामीण परिवारों को काम मिल सके।
किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से फसल क्षति का सर्वे, फसल बीमा राशि का भुगतान, कर्जमाफी और रोजगारमूलक कार्य शुरू करने की मांग शासन तक पहुंचाई है। रैली के दौरान किसानों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगामी दिनों में दुर्गूकोंदल-पखांजूर मार्ग पर आंदोलन एवं चक्काजाम करने का निर्णय ले सकते हैं। इस दौरान विकासखंड क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।









