
नारायणपुर। ग्राम पंचायत झारावाही, जिला नारायणपुर में मंगलवार को पेशा कानून जागरूकता कार्यक्रम का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्वशासन को मजबूत करना और ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति सजग बनाना था।
जागरूकता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। ग्राम पंचायत भवन के शेड में आयोजित इस बैठक में ग्रामीणों ने बेहद अनुशासित और ध्यानपूर्वक ढंग से पेशा कानून के विभिन्न पहलुओं को सुना और समझा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ताओं ने ग्रामीणों को पेशा कानून की बारीकियों से अवगत कराते हुए ग्राम सभा की शक्ति, ग्राम सभा क्या है, इसका गठन कैसे होता है और इसके पास क्या-क्या प्रशासनिक व सामाजिक अधिकार, प्राकृतिक संसाधनों पर हक, जल, जंगल और जमीन जैसे स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों पर ग्राम सभा के अधिकारों की सीमाएं, विकास कार्यों में सहभागिता, गांव के किसी भी विकास कार्य या परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए ग्राम सभा की पूर्व सहमति की अनिवार्यता, सरकारी योजनाएं, शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी में आम ग्रामवासियों की सक्रिय भूमिका को बताया।
इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी शंकाओं और स्थानीय समस्याओं को लेकर वक्ताओं के सामने कई सवाल भी रखे। वहां मौजूद अधिकारियों ने अत्यंत सरल और व्यावहारिक भाषा में एक-एक कर सभी प्रश्नों के बारीकी से जवाब दिए, जिससे ग्रामीणों का उत्साह और बढ़ गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी सराहनीय रही, जिन्होंने विकास और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर बढ़-चढ़कर अपनी बात रखी।









