प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मालगांव द्वारा कुरूषपाल बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित

 

जगदलपुर| बाढ़ प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और जरूरतमंदों को त्वरित चिकित्सीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मालगांव द्वारा कुरूषपाल गांव में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए ग्रामीण चिकित्सा सहायक डॉ. अर्पिता चौहान ने बताया कि वर्तमान में बाढ़ प्रभावित इस गांव में स्वास्थ्य विभाग पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है और लोगों को आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर के दौरान बाढ़ पीड़ित परिवारों को निःशुल्क वितरित की गईं| सर्दी, खांसी और बुखार की दवाइयां, उल्टी और दस्त के उपचार हेतु आवश्यक औषधियां, सर्प दंश से बचाव और उपचार से संबंधित दवाइयां, बीपी, शुगर, एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सीय परामर्श दी जा रही है|

डॉ. अर्पिता चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग बाढ़ के बाद उत्पन्न होने वाली जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए पूरी तरह सतर्क है और ग्रामीणों को निरंतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। इस पहल से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है और स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर डॉ किमोंद्री पाण्डेय की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही|

और पढ़ें