
जगदलपुर: हाल ही में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए भतरा समाज और सर्व आदिवासी समाज ने संयुक्त रूप से ग्राम पंचायत गुमडेल के आश्रित ग्राम कुरषपाल पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों को राशन और अन्य जीवनोपयोगी वस्तुएं वितरित की। संकट की इस घड़ी में समाज के प्रतिनिधियों ने पीड़ितों से मुलाकात कर उनका दर्द बांटा और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
उचित मूल्यांकन एवं मुआवजा
भतरा समाज के जिलाध्यक्ष लेखन बघेल ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों के घर-बाड़ी, जान-माल और फसलों को भारी क्षति हुई है। एक गरीब परिवार को छोटा मकान बनाने में वर्षों लग जाते हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि नुकसान का सही आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए तथा किसानों के कृषि ऋण माफ किए जाएं।
बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र भेजापदर, नगरनार, तारापुर, बेलगांव, कोहकापाल, कानापाल, कुरषपाल और धोबीगुड़ा सहित कई गांव बाढ़ की चपेट में आए हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शासन-प्रशासन द्वारा बाढ़ पीड़ितों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए भरपूर प्रयास किए गए, फिर भी कुछ सुदूर इलाकों तक राहत पहुंचने में कठिनाई आई। नगरनार क्षेत्र में बाढ़ के दौरान सांप के काटने से हुई एक व्यक्ति की असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया गया।
पुनर्वास और सुरक्षित आवास की मांग
सर्व आदिवासी समाज के बकावंड ब्लॉक अध्यक्ष एवं स्थानीय ग्रामीण लखमू नाग ने मांग की कि बाढ़ प्रभावित बस्तियों का नए सिरे से सर्वे किया जाए। निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों को ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर आवास उपलब्ध कराने के लिए सरकार विशेष पहल करे ताकि भविष्य में ऐसी आपदा से बचा जा सके।
इस राहत कार्य और दौरे के दौरान भतरा समाज के संभागीय अध्यक्ष रतन कश्यप, सदस्य ऋषभ बघेल, दशरथ कश्यप, कुलधर गोयल, रशिलाल कश्यप, मदन बघेल, शिवशंकर कश्यप सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।









