बड़े खौली में नवाखाई, गायता जोहारनी कार्यक्रम आयोजित, गोंडी और छत्तीसगढ़ी गीतों से दिया समाज को संदेश

केसकाल : ग्राम बड़े खौली, केशकाल में ब्लॉक स्तरीय ‘नवाखाई गायता जोहारनी’ कार्यक्रम हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रांतीय उपाध्यक्ष सर्व आदिवासी युवा प्रभाग एवं अध्यक्ष कला संस्कृति संस्थान श्री ललित नरेटी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस दौरान केसकाल क्षेत्र के सभी ग्रामों के गायता, पटेल, सामाजिक बुद्धिजीवी और हजारों की संख्या में युवा व युवतियां उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता श्री ललित नरेटी ने कहा कि समाज के साथ रहें और समाज के साथ आगे बढ़ें। गांव में एकता एवं परस्पर समन्वय से ही गांव, क्षेत्र और देश का वास्तविक विकास संभव है| उन्होंने गोंडी एवं छत्तीसगढ़ी गीतों और कविताओं के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया। पारंपरिक गोंडी गीतों की प्रस्तुति—
नाके बागुर अड़िता अड़िता, बाबू रोय सोनाले..
ललित नरेटी पेका नना, हानपतरी नार नावा जागा…
ऐ लया बाता बिचारी मंता निया वेहा…और दाई वो मोला क्षण भर तो कोरा मे ले…जैसे मार्मिक एवं सांस्कृतिक गीतों के जरिए उन्होंने समाज में शिक्षा, संस्कृति और समाज का संदेश फैलाया।
अपने संबोधन में श्री नरेटी ने गांव स्तर पर रोजगार और शिक्षा के मुद्दों पर नियमित ग्राम सभा आयोजित करने पर बल दिया। इसके साथ ही उन्होंने उपस्थित सगाजनों को वन अधिकार कानून, वन प्रबंधन, वन संरक्षण, डीएनए, वंशावली तथा सामाजिक रीति-नीति और नियम-दस्तूर के बारे में विस्तृत और महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इस अवसर पर सामाजिक सगाजन, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाए।

और पढ़ें