
भानुप्रतापपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी सहित इंडिया गठबंधन के सांसदों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भानुप्रतापपुर ने गुरुवार को ‘लोकतंत्र का काला दिवस’ मनाया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील बबला पाढ़ी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर महारानी दुर्गावती प्रतिमा प्रांगण में सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवालों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाना चाहिए। लोकतंत्र में असहमति और सवाल उठाना नागरिकों का अधिकार है। ऐसे में आवाज उठाने वालों की बात सुनने के बजाय बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
वक्ताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक संस्था है। उसकी निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर उठने वाली शंकाओं का समाधान किया जाना चाहिए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में जनता का विश्वास बना रहे। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही और पारदर्शिता लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है।
सभा को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील बबला पाढ़ी के अलावा वीरेंद्र सिंह ठाकुर, गुरदीप सिंह ढींढसा, सुना तेता, कृष्णा टेकाम, चेतन मरकाम, निकेश ठाकुर, शोएब कुरैशी और शेख अकरम ने भी संबोधित किया।
इस दौरान वरिष्ठ नेता राजकुमार ठाकुर, गणेश सोनी, मुकेश चंद्राकर, शेख फिरोज, गोपाल राठी, नमन जैन, शेखर यदु, रवि दुग्गा, रवि साहू, समरेश, अनुराग शर्मा, भोला साहू, केवल पुजारी, लच्छन निषाद, सुरेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









