
दुर्गूकोदल: भारत सरकार द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत कलेक्टर जिला कांकेर श्री कुंदन कुमार के निर्देशानुसार एवं खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज किशोरे के मार्गदर्शन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गूकोदल में निःशुल्क रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर का शुभारंभ भाजपा मंडल महामंत्री रामचंद्र कल्लो, कंगलू कुम्हार शासकीय महाविद्यालय दुर्गूकोदल जनभागीदारी समिति अध्यक्ष, विजय पटेल, जनपद सदस्य पिलम नरेटी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने माता धन्वंतरि की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
रक्तदान शिविर में विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से पिलम नरेटी एवं आनंद राणा ने रक्तदान किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग दुर्गूकोदल से डॉ. मनोज किशोरे, बीपीएम देव कुमार शाश्वत ,डॉ. चंदन बैरागी, जयप्रकाश ध्रुव, टिकेश्वर मंडलोई एवं विमल जांगड़े सहित कर्मचारियों ने रक्तदान कर समाज के प्रति सेवा भावना का संदेश दिया।
इसके अलावा बीएसएफ दुर्गूकोदल के 08 जवानों, कंगलू कुम्हार शासकीय महाविद्यालय के 09 विद्यार्थियों तथा 04 ग्रामीणजनों ने भी रक्तदान किया। इस प्रकार शिविर में कुल 26 लोगों ने रक्तदान किया।
रक्त संग्रहण के लिए कांकेर जिले से आई टीम एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गूकोदल के अधिकारी-कर्मचारियों ने आपसी समन्वय से पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई। एकत्रित रक्त को मेडिकल कॉलेज कांकेर भेजा गया, जहां आवश्यकता पड़ने पर जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि रक्तदान एक मानवीय सेवा है। समय पर रक्त उपलब्ध होने से दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन एवं गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों की जान बचाई जा सकती है। शिविर में युवाओं, विद्यार्थियों, सुरक्षा बलों और ग्रामीणों की सहभागिता को सेवा भावना की सकारात्मक मिसाल बताया गया।









