
दुर्गूकोंदल। ग्राम पंचायत कर्रामाड के आश्रित ग्राम रेंगाटोला (मदले) में नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित छह दिवसीय ग्रामीण स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न क्रिकेट टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों एवं क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
छह दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता में हाटकोंदल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को 20,001 रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं रेंगाटोला की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल कर 10,001 रुपये एवं ट्रॉफी प्राप्त की। भैसाकन्हार की टीम तृतीय स्थान पर रही, जिसे 5,001 रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत सिहारी सरपंच राम गावड़े उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत कर्रामाड़ सरपंच रजलाल आचला ने किया । विशेष अतिथि भाजपा मंडल दुर्गूकोदल मीडिया प्रभारी संजय उयके रहे| अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी-अपनी टीम को विजेता बनाने के लिए भरपूर मेहनत की। इस प्रकार के आयोजनों से ग्रामीण युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं में आपसी सहयोग, अनुशासन, खेल भावना और सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर ट्रक संघ सदस्य राजकुमार नेताम, घनश्याम ठाकुर, महरू राम उयके, आयोजक समिति अध्यक्ष सोहन उयके, कछेरी राम उयके, सूरज आचला, ब्रिजलाल आचला, मोती उयके, शनिराम कड़ियाम, जगन्नाथ आचला, रूपेश धनीलिया, दीपक बढ़ाई, धनुराम कड़ियांम, रूपसिंह कोला, प्यारे लाल दर्रा, चैनू आचला, ग्राम कोटवार आनंद दास मानिकपुरी, सहित आयोजक समिति के सदस्य गण एवं समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे।









