बस्तर ओलंपिक 2026 में भागीदारी के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन कराने की अपील

नारायणपुर | बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के अधिक से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पंजीयन प्रक्रिया में तेजी लाने और शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को प्रोत्साहित करने की अपील की गई है। इच्छुक खिलाड़ी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बस्तर ओलंपिक 2026 के लिए पंजीयन प्रक्रिया अक्टूबर माह में निर्धारित की गई है। विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं 1 से 13 नवंबर तक, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 से 25 नवंबर तक तथा संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 7 से 11 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी।
जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी ले सकेंगे भाग
बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग के 14 से 17 वर्ष तथा सीनियर वर्ग के 17 वर्ष से अधिक आयु के युवक-युवतियां एवं महिला-पुरुष भाग ले सकेंगे। इसके अलावा माओवाद प्रभावित दिव्यांगों तथा पुनर्वासितों के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताएं सीधे संभाग स्तर पर आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, ट्रॉफी, शील्ड एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
विभिन्न खेल विधाओं में होगा मुकाबला
बस्तर ओलंपिक 2026 के अंतर्गत एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल एवं रस्साकसी जैसी खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त हॉकी एवं वेटलिफ्टिंग की प्रतियोगिताएं जिला स्तर पर आयोजित होंगी। एथलेटिक्स में दौड़, गोला फेंक, तवा फेंक, भाला फेंक, लंबीकूद, ऊंचीकूद एवं रिले रेस शामिल हैं। तीरंदाजी में एकल एवं टीम स्पर्धाएं होंगी, जबकि बैडमिंटन में एकल एवं युगल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। रस्साकसी प्रतियोगिता प्रदर्शनात्मक रूप से सीनियर महिला वर्ग के लिए रखी गई है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीयन की सुविधा
इच्छुक खिलाड़ी बस्तर ओलंपिक की आधिकारिक पंजीयन वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। ऑफलाइन पंजीयन के लिए जनपद पंचायत नारायणपुर एवं ओरछा, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय नारायणपुर एवं ओरछा, नगरपालिका परिषद नारायणपुर तथा कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला नारायणपुर में संपर्क किया जा सकता है।
अधिक से अधिक खिलाड़ियों को जोड़ने की अपील
जिले में खिलाड़ियों का पंजीयन अपेक्षाकृत कम होने के कारण संबंधित संस्थाओं एवं संगठनों से पंजीयन अभियान को गति देने का अनुरोध किया गया है। इसके तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों, स्कूल-कॉलेजों एवं छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों, स्व-सहायता समूहों के सदस्यों, खेल संघों, खेल प्रशिक्षण केंद्रों, युवा संगठनों, ग्राम पंचायत सचिवों तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
बस्तर ओलंपिक का उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित संस्थाओं एवं संगठनों से अपील की है कि वे पात्र खिलाड़ियों का समय पर पंजीयन सुनिश्चित कराएं, ताकि बस्तर ओलंपिक 2026 में नारायणपुर जिले की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

और पढ़ें