
जगदलपुर। बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता एवं जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मानवता सामाजिक संस्था, जगदलपुर द्वारा आज ग्राम देऊरगांव में राहत सामग्री वितरण शिविर आयोजित किया गया। रूपाली सेठिया, आंगनबाड़ी प्रमुख की प्रेरणा तथा ग्राम सरपंच मनधर कश्यप और सचिव पीलानाथ बघेल के सहयोग एवं मार्गदर्शन में यह सेवा कार्य संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान छोटे बच्चों को स्लेट, पेन, बिस्कुट एवं साबुन सहित आवश्यक सामग्री वितरित की गई। वहीं, बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को चावल, दाल जैसे खाद्यान्न के साथ पैंट, शर्ट, चादर, साड़ियां, प्लास्टिक के बॉक्स, बर्तन एवं अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं प्रदान की गईं।
इस राहत एवं सेवा कार्य में संस्था की ओर से अवधेश शुक्ला, जगजीत सिंह, अशोक जैन एवं उमेश जान ने सहभागिता निभाई। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों की उपस्थिति रही। राहत सामग्री प्राप्त कर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।
मानवता सामाजिक संस्था का यह प्रयास बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा।









