शिक्षा को प्राथमिकता दें, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण भी करें : गणेश सोरी


जगदलपुर। शासकीय पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास, धरमपुरा, जगदलपुर में संयुक्त छात्रावास के तत्वावधान में नवाखाई एवं गायता जोहारनी कार्यक्रम पारंपरिक गरिमा और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने आदिवासी संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के साथ शिक्षा एवं रोजगार के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त गणेश सोरी ने नवाखाई एवं गायता जोहारनी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी शिक्षा को पहली प्राथमिकता दें और सरकारी नौकरी के साथ स्वरोजगार एवं व्यापार के अवसरों पर भी ध्यान दें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने माता-पिता से सामाजिक परंपराओं, रीति-रिवाजों और संस्कृति का ज्ञान प्राप्त करने की सलाह दी।
इसके पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल ने कहा कि शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने आदिवासी समाज की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की निरंतर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। प्रोफेसर कल्पना मंडावी ने आदिवासी ज्ञान, संस्कृति और इतिहास को लिखित रूप में संरक्षित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक ज्ञान को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए उसका दस्तावेजीकरण, प्रकाशन और आवश्यकतानुसार पेटेंट कराने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए। साथ ही प्रकृति का संरक्षण करते हुए आगे बढ़ने की बात कही।
प्राचार्य असोमति कश्यप ने नवाखाई पर्व की परंपरा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नई धान की फसल आने पर उसे अपने पेन-पुरखों को अर्पित करने के बाद ग्रहण किया जाता है। उन्होंने छात्रावास जीवन को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मंच बताया।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का ध्यान अपने ओर आकर्षित किया। गोंडी, हल्बी, भतरी, छत्तीसगढ़ी गीतों के साथ एकल एवं सामूहिक नृत्य एवं गायन के  नृतक ओर गायकों ने खूब मनोरंजन कराया। साथ ही नवाखाई से संबंधी गीतों से इस पर्व का प्रचार प्रसार किया।


कार्यक्रम में नरेश मरकाम ने नवाखाई एवं गायता जोहारनी की विस्तृत जानकारी दी। प्राचार्य नवीन बघेल, सुशील मरकाम, चैतराम कश्यप एवं सोनू कश्यप ने भी अपने विचार रखे। अंत में छात्रावास अधीक्षक तीरथ बघेल ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन अशोक नेताम ने किया|
इस अवसर पर छात्रावास के अधीक्षक, अधीक्षिका, सगाजन तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

और पढ़ें