दूरस्थ एवं पूर्व नक्सल प्रभावित कोड़ेकुर्से में जिला स्तरीय ‘सेवा सेतु’ सह मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित


उत्तर बस्तर कांकेर : सेवा संकल्प अभियान के तहत दुर्गूकोंदल विकासखंड के दूरस्थ एवं पूर्व नक्सल प्रभावित ग्राम कोड़ेकुर्से में एक भव्य जिला स्तरीय ‘सेवा सेतु’ सह मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। मोहला-मानपुर जिले की सीमा से लगे इस आंचल में लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों के प्रभाव के बाद जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह अब तक का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण विकास एवं जन-कल्याणकारी कार्यक्रम रहा।

शिविर में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों की स्थिति और उनके निराकरण की जानकारी सीधे मंच से संबंधित अधिकारियों से जनता के समक्ष दिलवाई। कई मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। मृत वन अधिकार पट्टाधारकों के वैध उत्तराधिकारियों के नाम नियमानुसार नामांतरण करने के लिए विशेष रूप से प्रकरणों को चिंहांकित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत लगाए गए मेगा स्वास्थ्य शिविर में सुदूर अंचल के ग्रामीणों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया। साथ ही दुर्गूकोंदल में नए पोस्टमार्टम कक्ष के निर्माण का प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। वीबी-जी रामजी योजना के तहत नए आंगनबाड़ी एवं स्कूल भवन, ग्राम पंचायतों में बालिका शौचालय, मुक्तिधाम तथा पीडीएस गोदाम स्वीकृत करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने बालिकाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा को महत्त्व देते हुए 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगवाने, बच्चों को नियमित स्कूल भेजने तथा जल संरक्षण व संचयन को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

शिविर के दौरान राजस्व एवं खाद्य विभाग, समाज कल्याण, कृषि, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, पशुधन, श्रम विभाग एवं अन्य विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित किया गया|

और पढ़ें