
रायपुर, 04 अक्टूबर 2026 : सर्व आदिवासी युवा प्रभाग, छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में रविवार को नवा रायपुर स्थित आदिवासी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (आदिवासी संग्रहालय) में राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आदिवासी युवा शामिल हुए। कार्यक्रम में आदिवासी समाज के वर्तमान परिदृश्य, युवाओं की भूमिका, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, बौद्धिक विकास, नशामुक्ति तथा भाषा, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि एवं सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग छत्तीसगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष ललित नरेटी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “सियानों के साथ युवा भी चलेंगे, तभी समाज का विकास होगा।” उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों के पास वर्षों का अनुभव और सामाजिक समझ है, जबकि युवाओं के पास ऊर्जा, नई सोच, आधुनिक तकनीक और बदलाव की क्षमता है। इन दोनों का समन्वय ही आदिवासी समाज को मजबूत और नई दिशा प्रदान कर सकता है।
शिक्षा और बौद्धिक विकास को बताया समाज की प्राथमिक आवश्यकता
ललित नरेटी ने कहा कि समाज की प्रगति केवल आर्थिक मजबूती से संभव नहीं है। इसके लिए युवाओं का शैक्षणिक, बौद्धिक और सामाजिक रूप से सशक्त होना भी जरूरी है। युवाओं को अपने संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार तथा समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूक और बौद्धिक रूप से सक्षम युवा ही समाज के हितों को बेहतर ढंग से समझते हुए अपनी जिम्मेदारी प्रभावी तरीके से निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आधुनिक शिक्षा और तकनीक को अपनाने के साथ-साथ अपनी सामाजिक एवं सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया।
नशामुक्ति, रोजगार और कौशल विकास पर जोर
सम्मेलन में युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और रचनात्मक गतिविधियों में लगाने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि आज के युवा यदि शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल हासिल करें और रोजगार के नए अवसरों की ओर आगे बढ़ें, तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। युवाओं में बौद्धिक चेतना, सामाजिक समझ और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया गया।
भाषा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का संकल्प
सम्मेलन में आदिवासी समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा, इतिहास और सामुदायिक व्यवस्था को संरक्षित रखने पर भी विशेष चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि आधुनिकता और तकनीकी विकास के साथ आगे बढ़ना जरूरी है, लेकिन अपनी पहचान और सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। युवाओं से आह्वान किया गया कि वे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
युवाओं ने लिया समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प
सम्मेलन में उपस्थित युवाओं ने शिक्षा एवं कौशल को प्राथमिकता देने, नशे से दूर रहने, स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने, बौद्धिक एवं सामाजिक चेतना को मजबूत करने तथा आदिवासी भाषा, संस्कृति एवं पहचान के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
सम्मेलन का समग्र संदेश रहा कि सियानों का अनुभव, युवाओं की ऊर्जा और बौद्धिक सोच जब एक साथ आगे बढ़ेगी, तभी आदिवासी समाज शिक्षित, जागरूक, संगठित, आत्मनिर्भर और मजबूत बनेगा। राज्य स्तरीय सम्मेलन में दुर्गूकोदल आदिवासी युवा प्रभाग की ओर से विष्णु कोवाची, बल्दू दर्रो एवं ओमप्रकाश गावड़े प्रतिनिधि मंडल के रूप में सहभागी रहे।









