बाढ़ प्रभावित गांवों में सर्व आदिवासी समाज ने पहुंचाई राहत सामग्री, बांटे राशन किट


जगदलपुर: इंद्रावती नदी के बढ़े जलस्तर और लगातार बारिश के कारण बस्तर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में उत्पन्न बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सर्व आदिवासी समाज अधिकारी-कर्मचारी प्रभाग, बस्तर संभाग द्वारा राहत एवं सहायता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बाढ़ प्रभावित बड़े चकवा एवं भैंसगांव में राहत शिविरों का दौरा कर प्रभावित परिवारों को आवश्यक खाद्य सामग्री एवं राशन किट वितरित किए गए।
राहत सामग्री में चावल, दाल, नमक, तेल, आलू, प्याज, सोया बड़ी सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री शामिल रही। बड़े चकवा गांव के राहत शिविर में लगभग 150 तथा भैंसगांव में लगभग 250 लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली है।
प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाने का प्रयास
सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि बाढ़ और आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। इसी क्रम में ग्रामीणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। प्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली।
राहत शिविरों के निरीक्षण के दौरान बाढ़ के साथ-साथ मौसमी बीमारियों से बचाव को लेकर ग्रामीणों को आवश्यक सावधानियां बरतने की समझाइश दी गई। ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने तथा किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई।
बिजली और नेटवर्क की समस्या भी सामने आई
बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत कार्य के दौरान ग्रामीणों ने बिजली एवं मोबाइल नेटवर्क से जुड़ी समस्याओं से भी अवगत कराया। प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने तथा नेटवर्क की समस्या के कारण ग्रामीणों को संपर्क एवं दैनिक गतिविधियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सर्व आदिवासी समाज अधिकारी कर्मचारी प्रभाग संभागीय अध्यक्ष डॉ. जीवन सलाम ने कहा कि हमारा उद्देश्य बाढ़ पीड़ित परिवारों तक राहत पहुंचाना और उन्हें सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की दिशा में सहयोग देना है।
इस अवसर पर महासचिव राजेंद्र बघेल, कोषाध्यक्ष किशोर मंडावी एवं सलाहकार माखन लाल सोरी सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। स्थानीय स्तर पर बड़े चकवा की सरपंच श्रीमती जनक कश्यप, उप सरपंच पूरन सिंह कश्यप, शुक्लधर कश्यप सहित बड़ी संख्या में युवाओं एवं ग्रामीणजनों ने राहत कार्य में सहयोग किया।

और पढ़ें